Last Updated on 16/07/2020 by Sarvan Kumar
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और विवादों का चोली-दामन का रिश्ता है. AMU से एक बार फिर एक ऐसी खबर आई है जिससे विवाद खड़ा हो गया है. AMU में पढ़ने वाली एक छात्रा ने अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत करके कहा है कि नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का समर्थन करने के कारण यूनिवर्सिटी के छात्र उसे परेशान करने की धमकी दे रहें हैं.
13 जुलाई 2020 को अपने लिखित शिकायत में छात्रा ने आरोप लगाया है कि 9 जुलाई को रहबर दानिश नाम का शख्स, जो यूनिवर्सिटी में B.Arch का छात्र है, ने उसके खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया था. वह केवल अपने विचार रख रही थी. अब उसे डर लग रहा कि यूनिवर्सिटी खुलने के बाद उसे प्रताड़ित किया जाएगा, जबकि उसे यहां अभी 2 साल और रहना है.
छात्रा ने आरोप लगाया है कि विश्वविद्यालय के ही एक स्टूडेंट रहबर दानिश ने सोशल मीडिया पर कॉमेंट करके उसे धमकी दिया है कि यूनिवर्सिटी खुलने के बाद उसे जबरदस्ती पीतल का हिसाब पहनाया जाएगा. छात्रा का कहना है कि जबसे नागरिकता का संशोधन कानून (CAA) पास हुआ है कुछ लोग उसे टारगेट कर रहे हैं क्योंकि वह इस कानून समर्थन में थी. इस दौरान उसे कई आपत्तिजनक और गाली-गलौज वाले मैसेज भी मिले हैं. इसीलिए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि होस्टल में गैर-मुस्लिम लड़कियों को धमकाया जाता है और हिजाब पहनने और मुँह ढ़कने की हिदायत दी जाती है. छात्रा ने आरोप लगाया है कि उसके सहपाठी ने सोशल मीडिया पर उसे धमकी देते हुए कहा है कि अगर उसे अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में रहकर पढ़ना है तो उसे यहां के तौर तरीकों से ही चलना होगा. जब विश्वविद्यालय खुलेगा तो हम तुम्हें हिजाब पहनना सिखा देंगे. पीड़ित छात्रा ने सोशल मीडिया पर अपने शिकायत पत्र के साथ-साथ स्क्रीनशॉट भी शामिल किया है.
छात्रा की शिकायत के बाद आरोपियों पर आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा इस मामले की राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है. पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि प्रारंभिक जांच के बाद एफआईआर में आईपीसी की उचित धाराओं को शामिल किया जाएगा तथा आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य मीना कुमारी ने भी अलीगढ़ के पुलिस अधीक्षक क्राइम अरविंद कुमार को पत्र लिखकर आरोपियों को दंडित करने के लिए कहा है.

