Last Updated on 20/02/2024 by Sarvan Kumar
इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में दो शतक लगाकर भारत के युवा बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल ने दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों के साथ-साथ क्रिकेट के दिग्गजों को भी प्रभावित किया है। क्रिकेट के दिग्गजों का मानना है कि यशस्वी जयसवाल के रूप में भारत को एक ऐसा होनहार बल्लेबाज मिला है जो लंबे समय तक क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में भारत के लिए बल्लेबाजी करने की क्षमता रखता है। इसी बीच पूर्व भारतीय गेंदबाज दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने बल्लेबाजी के अलावा यशस्वी जयसवाल के एक और टैलेंट के बारे में बताया है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। उन्होंने यशस्वी जयसवाल को इस बारे में कप्तान रोहित शर्मा से बात करने की सलाह दी है।
यशस्वी जयसवाल इंग्लैंड के खिलाफ चल रही क्रिकेट सीरीज में शानदार फॉर्म में दिख रहे हैं। पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम 28 रन से हार गई लेकिन यशस्वी जयसवाल ने शानदार 80 रन बनाकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी। लेकिन इसके बाद दूसरे टेस्ट मैच में शानदार 209 रन और तीसरे टेस्ट मैच में नाबाद 214 रन बनाकर यशस्वी जयसवाल ने न सिर्फ अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी बल्कि भारतीय टीम को इस सीरीज में 2-1 की बढ़त भी दिला दी। तीसरे टेस्ट मैच में उनकी पारी की खास बात यह थी कि शुरुआत में वह पारंपरिक टेस्ट बल्लेबाज की तरह संभल खेले। लेकिन एक बार जब वह सेट हो गए तो उन्होंने मैदान के चारों ओर शॉट खेले और चौके-छक्के की बरसात कर दी।
तीसरे टेस्ट मैच में जयसवाल की शानदार बल्लेबाजी की इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर सर एलिस्टर कुक समेत कई क्रिकेट दिग्गजों ने तारीफ की है। कुक ने जयसवाल की छक्के लगाने की क्षमता की तारीफ करते हुए कहा कि जयसवाल ने अपने 214 रनों की नाबाद पारी में लगाए हैं, उतना तो उन्होंने अपने पूरे करियर में नहीं लगाया।
तीसरे टेस्ट मैच के बाद महान स्पिनर और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने यशस्वी की बेहतरीन बल्लेबाजी की तारीफ की और उन्हें गेंदबाजी में भी योगदान देने को कहा है। अनिल कुंबले ने कहा है कि उन्होंने ट्रेनिंग सेशन के दौरान जयसवाल को गेंदबाजी करते हुए देखा है। जयसवाल के पास नेचुरल लेग स्पिन है, उन्हें इसे नहीं छोड़ना चाहिए और गेंदबाजी का मौका देने के बारे में कप्तान रोहित शर्मा से बात करनी चाहिए।
आपको बता दें कि भारतीय टीम में कई महान बल्लेबाज हुए हैं जिन्होंने बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी योगदान दिया है। जैसे सचिन तेंदुलकर सौरव गांगुली और वीरेंद्र सहवाग। अब यह तो समय ही बताएगा कि यशस्वी जयसवाल इस बारे में कप्तान रोहित शर्मा से बात करते हैं या नहीं। लेकिन अगर यशस्वी रोहित शर्मा के पास जाते हैं और रोहित उनकी बातों को गंभीरता से लेते हैं तो भविष्य में आप यशस्वी जयसवाल को शानदार बल्लेबाजी के साथ-साथ लेग स्पिन गेंदबाजी करते हुए भी देख सकते हैं।
