Ranjeet Bhartiya 31/03/2020
Jankaritoday.com अब Google News पर। अपनेे जाति के ताजा अपडेट के लिए Subscribe करेेेेेेेेेेेें।
 

Last Updated on 31/03/2020 by Sarvan Kumar

सीतामढ़ी (बिहार): बिहार के सीतामढ़ी से एक बहुत ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जिले के रुन्नीसैदपुर थानाक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मधौल गांव में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है. मृतक की पहचान बबलू कुमार के रूप में की गई है. युवक का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने मेडिकल हेल्प लाइन पर नंबर पर महाराष्ट्र से आए दो मजदूरों के बारे में सूचना दी थी. पुलिस ने इस मामले में सात लोगों को नामजद किया है, जिसमें से दो की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि पांच फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों को ढूंढने में लगी हुई है.

जानकारी के मुताबिक कोरोना महामारी के कारण देश में 21 दिन के लॉक डाउन के कारण बिहारी मजदूरों ने महाराष्ट्र तथा देश के अन्य राज्यों से पलायन शुरू कर दिया था. महाराष्ट्र से पलायन करने वालों में मधौल गांव के दो युवक भी शामिल थे. किसी तरह बचते बचाते ये दोनों युवक अपने गांव पहुंचने में सफल रहे थे. जैसा कि आप जानते हैं महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य हैं. अब तक महाराष्ट्र में कोरोना के 230+ से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं. ऐसे में गांव वालों को भी डर हो गया कि ये दोनों युवक भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो सकते हैं.

गांव के एक युवक बबलू कुमार ने इसी डर के कारण महाराष्ट्र से लौटे इन दोनों युवकों के बारे में मेडिकल हेल्पलाइन पर सूचना दिया था. सूचना मिलने पर मेडिकल टीम मधौल गांव आई और दोनों युवकों को अपने साथ ले गई. मेडिकल जांच में दोनों युवक कोरोना से नेगेटिव पाए गए. जिसके बाद दोनों युवकों को होम क्वॉरेंटाइन की सलाह देकर गांव  वापस भेज दिया गया.

जब महाराष्ट्र से लौटे युवकों को पता चल गया कि मेडिकल टीम को बबलू कुमार ने सूचना दी है तो गुस्साए युवकों ने अपने परिजनों के साथ बबलू कुमार पर हमला कर दिया. आरोपियों ने बबलू कुमार को तब तक पीटा जब तक वह मूर्छित होकर गिर नहीं पड़ा.
आरोपियों के जाने के बाद बबलू कुमार के परिवार वालों ने उसे रुन्नीसैदपुर के अस्पताल में भर्ती कराया. लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ता देख डॉक्टरों ने उसे मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया. इससे पहले कि बबलू कुमार मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेमोरियल कॉलेज अस्पताल पहुंच पाता उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.

मृतक बबलू कुमार के परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. अब तक दो आरोपियों सुधीर महतो और मुन्ना महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है. वारदात में शामिल पांच अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे जिन्हें पुलिस तलाश कर रही है.

Leave a Reply